हरदा। जिले की प्रतिभाशाली बेटी संगीता राय ने नर्सिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए खिरकिया का नाम रोशन किया है। संगीता ने हाल ही में बुरहानपुर जिला चिकित्सालय में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में पदभार ग्रहण किया है। उनकी यह उपलब्धि वर्षों के कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और समर्पण का नतीजा है।
संगीता राय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर बी.एससी. नर्सिंग तक की पढ़ाई हरदा जिले में पूरी की। बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहने वाली संगीता का एकमात्र सपना स्वास्थ्य क्षेत्र में जनसेवा करना था। उन्होंने अपने इस सपने को साकार करने के लिए जीएनटीएसटी परीक्षा उत्तीर्ण की और निरंतर मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
उनकी इस सफलता से परिवार, गुरुजन और पूरा खिरकिया नगर गर्व महसूस कर रहा है। संगीता आज उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद लगन और मेहनत से जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं।
संगीता राय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि — “निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।”
जानकारी के अनुसार, संगीता राय नगर के निवासी महेश राय की सुपुत्री एवं युवा समाजसेवी अभिषेक राय की बहन हैं। उनके इस गौरवशाली उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में बधाइयों का सिलसिला जारी है।